छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और बाहर से आने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। राष्ट्रपति के ऐतिहासिक बस्तर प्रवास और बस्तर पंडुम के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम को व्यवस्थित और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से जगदलपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने लालबाग स्थित आयोजन स्थल के आसपास विस्तृत पार्किंग और ट्रैफिक प्लान लागू किया है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी तरह की परेशानी न हो।
पार्किंग व्यवस्था को श्रेणियों में बांटा गया
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग को अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। राष्ट्रपति के काफिले के लिए लालबाग ग्राउंड (पी-1) को वीवीआईपी पार्किंग के रूप में आरक्षित किया गया है। वहीं, मुख्य मंच पर उपस्थित राजदूतों और विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए लालबाग पीटीएस ग्राउंड (वीआईपी-1) तय किया गया है। मीडिया कर्मियों और कार पास धारकों के लिए क्यूरो इंडिया स्कूल के पीछे का मैदान और सनसिटी कॉलोनी क्षेत्र (वीआईपी-2) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन कोआर्डिनेशन सेंटर और अमर वाटिका में खड़े किए जाएंगे।
आम जनता के लिए अलग पार्किंग जोन
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आमजन के लिए भी सुव्यवस्थित पार्किंग जोन तय किए हैं। रायपुर, भानपुरी, बस्तर, बकावंड और नगरनार मार्ग, साथ ही लोहण्डीगुड़ा, गीदम और सुकमा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कुम्हड़ाकोट गणपति रिसोर्ट के सामने का मैदान और रिलायंस पेट्रोल पंप के पास की जगह (पी-7 से पी-9) निर्धारित की गई है। भीड़ अधिक होने की स्थिति में कृषि उपज मंडी और हाटा ग्राउंड को रिजर्व पार्किंग के रूप में तैयार रखा गया है।
ट्रैफिक को लेकर प्रशासन की अपील
यातायात विभाग ने आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए बताया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लालबाग–सनसिटी मार्ग से आमागुड़ा चौक पार्किंग की ओर प्रवेश वीवीआईपी आगमन से केवल दो घंटे पूर्व तक ही मान्य होगा। तय समय के बाद आने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
ऐसे नागरिकों को चांदनी चौक और नयामुंडा होते हुए बोधघाट थाना के पीछे से हाटकचोरा मार्ग का उपयोग कर आमागुड़ा पार्किंग स्थल तक पहुंचना होगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और समय से पहले पहुंचने की अपील की है।