राज्यपाल श्री रमेन डेका की पहल: योजनाओं के 100% क्रियान्वयन का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेश के गोद लिए गए ग्रामों में केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं के प्रभावी और शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए ठोस दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने बेमेतरा जिले के ग्राम टेमरी, गरियाबंद जिले के ग्राम बिजली तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सोनपुरी में मार्च 2026 तक सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस उद्देश्य से राज्यपाल श्री डेका ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं गोद ग्रामों के सरपंचों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण, जैविक खेती एवं आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस किया गया।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि गोद ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर आयुष्मान हेल्थ कार्ड तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जाएं। इसके साथ ही वर्ष 2026 तक टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए समाज को प्रेरित किया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने के लिए कैंसर, विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, स्कूली बच्चों के लिए परीक्षा पूर्व नेत्र जांच शिविर तथा बुजुर्गों के लिए मोतियाबिंद जांच शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

स्वच्छता अभियान में ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ लाइवलीहुड मिशन के तहत महिलाओं को अधिक से अधिक लाभ मिलना चाहिए।

बैठक के दौरान राज्यपाल श्री डेका ने ग्राम बिजली में मुक्तिधाम निर्माण हेतु अपने स्वेच्छानुदान मद से 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं ग्राम सोनपुरी में स्कूली बच्चों के लिए लाइब्रेरी को लोकभवन की ओर से पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा ग्राम टेमरी में सामुदायिक भवन और ओपन जिम के लिए सीएसआर मद से राशि उपलब्ध कराने की बात कही।

राज्यपाल ने जिला स्तर के अधिकारियों को गोद ग्रामों का नियमित भ्रमण करने, सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सतत संवाद बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके।

बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव, स्वास्थ्य सेवा संचालक श्री संजीव कुमार झा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव श्री एस. आलोक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *