बिलासपुर, 18 जनवरी 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत मिली है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जय दिवाकर, सूरज साहू और प्रदीप धुरी शामिल हैं, जो पूर्व में भी लूटपाट के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, धारदार चाकू, मोबाइल फोन, नकद राशि और लूटे गए मोबाइल बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कोनी के साथ-साथ हिर्री और चकरभाठा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था।

मामले का खुलासा ए.सी.सी.यू. बिलासपुर (सायबर सेल) और थाना कोनी की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट व स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अगस्त 2025 में ट्रक चालक और उसके हेल्पर के साथ हुई लूटपाट व हत्या की वारदात को स्वीकार किया।
इस जघन्य अपराध को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्गों पर अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश मानी जा रही है।