छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगल और पहाड़ी इलाकों में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक कुल 6 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें 4 महिला माओवादी कैडर भी शामिल हैं।
18 जनवरी को मुठभेड़ में दो और माओवादी ढेर
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को अपराह्न हुई ताजा मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान दो वर्दीधारी माओवादी कैडरों के शव मिले। इनके पास से 1 INSAS राइफल और 1 .303 राइफल बरामद की गई। इसके साथ ही पूरे ऑपरेशन में जब्त हथियारों की संख्या 6 हो गई है।
17 जनवरी से जारी है संयुक्त सर्च ऑपरेशन
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर 17 जनवरी 2026 से डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई चरणों में मुठभेड़ हुई।
AK-47 समेत 6 ग्रेडेड हथियार जब्त
मुठभेड़ स्थल से अब तक AK-47, INSAS, कार्बाइन और .303 राइफल समेत कुल 6 ग्रेडेड हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इससे क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
कुख्यात माओवादी कैडरों की पहचान
अब तक की पहचान प्रक्रिया में मारे गए माओवादी कैडरों को नेशनल पार्क एरिया कमेटी से जुड़े कुख्यात नक्सलियों के रूप में चिन्हित किया गया है। इनमें DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम और पार्टी मेंबर राधा मेट्टा शामिल हैं। शेष दो माओवादियों की पहचान की कार्रवाई जारी है।
IG बस्तर का बयान
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि सुरक्षा बल बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। माओवादी हिंसा के खिलाफ यह अभियान सटीक, समन्वित और निर्णायक है।
इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद आसपास के इलाकों में लगातार सघन सर्चिंग की जा रही है। अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट अलग से जारी की जाएगी