राज्यपाल श्री रमेन डेका की पहल: बालिका आवासीय विद्यालय को मिले कम्प्यूटर

बालिकाओं की शिक्षा को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने सरगुजा जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राजपुर कला (लखनपुर) की छात्राओं को पांच कम्प्यूटर प्रदान किए हैं। यह सहयोग राज्यपाल द्वारा अपने स्वेच्छानुदान मद से किया गया है।

राज्यपाल अपने हालिया सरगुजा प्रवास के दौरान विद्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान डिजिटल संसाधनों की आवश्यकता को महसूस करते हुए उन्होंने विद्यालय को अतिरिक्त कम्प्यूटर उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी थी। इसी क्रम में आज लोकभवन में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में विद्यालय को ये कम्प्यूटर सौंपे गए।

इन कम्प्यूटरों के माध्यम से छात्राओं को डिजिटल शिक्षा, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और तकनीकी कौशल से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई में गुणात्मक सुधार आने की उम्मीद है। यह पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास मानी जा रही है।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती अनुराधा सिंह सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *