छत्तीसगढ़ में सितंबर की शुरुआत के साथ मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी।
सोमवार को दोपहर रायपुर में बादल जमकर गरजे और एक घंटे तक तेज बारिश हुई। मौसम वेधशाला लालपुर में 34 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले सुबह धूप और उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया था।
अगले तीन दिन प्रदेश के मध्य हिस्सों में अच्छी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक-दो जगहों पर अति भारी बारिश की संभावना है।
अगस्त में प्रदेश में बारिश सामान्य से कम दर्ज हुई थी। रायपुर जिले में केवल 178 मिमी. बारिश हुई, जो सामान्य से 156 मिमी. कम रही। वहीं पूरे प्रदेश में 279 मिमी. वर्षा दर्ज हुई, जो औसत के करीब रही।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात सक्रिय है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसका असर सीधे छत्तीसगढ़ के मध्य भाग पर दिखेगा।
2 से 4 सितंबर के बीच रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। विशेषकर बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिलों में अगले 24 घंटे में तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का मानना है कि सितंबर में अच्छी बारिश से प्रदेश में कृषि कार्यों और जलस्तर दोनों को लाभ मिलेगा।