बस्तर क्षेत्र की महत्वपूर्ण केके रेललाइन पर एक सप्ताह बाद फिर से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। सोमवार को विशाखापट्टनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर चलेगी और मंगलवार से किरंदुल-विशाखापट्टनम नाइट एक्सप्रेस की सेवा भी बहाल हो जाएगी।
हाल ही में बस्तर में भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर मलबा और बोल्डर गिर गए थे। साथ ही जगह-जगह जमीन धसने से केके रेललाइन को गंभीर नुकसान पहुंचा था। इस वजह से जगदलपुर से किरंदुल के बीच ट्रेन संचालन पूरी तरह बाधित हो गया था।
रेलवे विभाग ने लगातार मलबा हटाने और ट्रैक की मरम्मत का काम तेज़ी से पूरा किया। अब यात्रियों को फिर से बिना रुकावट ट्रेन सुविधा मिलने लगी है। यह बहाली बस्तर क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत की खबर है।