छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम, महिलाओं को मिलेगा सशक्तिकरण का संदेश.

छत्तीसगढ़ के रायपुर से राज्य की ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए रविवार को ‘दीदी के गोठ’ नामक विशेष रेडियो कार्यक्रम का पहला प्रसारण हुआ। अब यह कार्यक्रम हर महीने के अंतिम रविवार को दोपहर 12.15 बजे आकाशवाणी रायपुर केंद्र और राज्य के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित किया जाएगा।

कार्यक्रम के शुभारंभ संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. विष्णु देव साय ने कहा कि बिहान से जुड़ी दीदियों ने अपने मेहनत, साहस और आत्मविश्वास से परिवारों को संभाला है और अब गांव की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम हर परिवार और महिला के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

डिप्टी मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री डॉ. विजय शर्मा ने कवर्धा जिले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूह की दीदियों के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपनी नई पहचान बना ली है और देश की लाखों महिलाएं इस योजना से आत्मनिर्भर बन रही हैं। कई दीदियां लखपति बन चुकी हैं।

‘दीदी के गोठ’ के माध्यम से महिलाओं को सफलता की कहानियां और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। डिप्टी मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 2 लाख 74 हजार 828 महिला स्व-सहायता समूह हैं, जिसमें लगभग 29 लाख 96 हजार दीदियां जुड़ी हैं। इससे गांव-गांव उद्योग और शहरों में व्यापार के केंद्र विकसित हो रहे हैं।

विशेष प्रसारण को प्रदेश के 33 जिलों, 146 विकासखंडों और 580 संकुल संगठनों में सामूहिक श्रवण के रूप में आयोजित किया गया। लाखों महिलाओं ने कार्यक्रम को सुना और ‘दीदी के गोठ’ के प्रति पूरे प्रदेश में उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *