छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से बारिश कम होने के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। अब मौसम विभाग ने राहत भरी जानकारी दी है कि प्रदेश में 12 अगस्त से मानसून की गतिविधि तेज होगी।
13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य में बनने वाली निम्न दबाव प्रणाली के कारण कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। पिछले 24 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज हुई, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान 25 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।