बिलासपुर जिले के एनटीपीसी सीपत प्लांट में हुई दुर्घटना से मृतकों की संख्या बढ़ गई है। एक और घायल श्रमिक प्रताप सिंह कंवर ने अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की संख्या अब दो हो चुकी है।
हादसा बुधवार को यूनिट-5 में चल रहे एनुअल मेंटेनेंस के दौरान हुआ। जब प्री-एयर हीटर प्लेटफॉर्म अचानक टूट गया, तो कई श्रमिक ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। इन सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ एक अन्य श्रमिक श्याम साहू की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
वर्तमान में तीन अन्य घायल मजदूरों का इलाज जारी है। हादसे के बाद प्लांट परिसर में भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिसे पुलिस और प्रशासन ने काबू में लिया।
इस घटना ने एनटीपीसी प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और मजदूर संगठन गहरी नाराजगी जता रहे हैं। उनका कहना है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। न तो घायलों की स्थिति पर स्पष्टीकरण दिया गया और न ही मृतकों के परिवारों को कोई सहायता की बात सामने आई है। इस लापरवाही को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।