रायपुर। छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध राजिम मेला अब श्रद्धालुओं के लिए और भी सुव्यवस्थित और भव्य रूप में नजर आएगा। राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने इसके लिए 20 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह राशि महानदी तट के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपयोग की जाएगी।
इस परियोजना के तहत 480 मीटर लंबा स्नान प्लेटफार्म, गंगा आरती घाट, शाही स्नान कुंड, और सीढ़ियों का निर्माण किया जाएगा। यह संपूर्ण विकास चौबेबांचा पुल तक विस्तारित होगा, जिससे तीर्थस्थल की पहुंच और श्रद्धालुओं की सुविधा बेहतर हो सकेगी।
इस कार्य के लिए ‘महानदी परियोजना’ राज्य योजना बजट के तहत राशि आवंटित की गई है। शासन का उद्देश्य है कि राजिम जैसे धार्मिक स्थलों को बेहतर बुनियादी ढांचा प्रदान कर सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित और समृद्ध किया जाए।
धार्मिक आयोजनों के प्रभावी संचालन, शुद्धता, और सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु यह परियोजना अत्यंत आवश्यक मानी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि राजिम मेला की गरिमा को अंतरराज्यीय पहचान मिले और तीर्थ यात्रियों को साफ-सुथरे और सुरक्षित स्थल मिल सकें।
यह विकास कार्य राजिम मेला को स्थायी संरचनात्मक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। श्रद्धालु अब आरामदायक स्नान घाटों, सुनियोजित आरती स्थलों और साफ-सुथरे प्लेटफार्मों का लाभ उठा सकेंगे।
राज्य सरकार के इस निर्णय से ना केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।