सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, भूतेश्वर नाथ में आकर्षक लेजर शो और भंडारा

सावन का अंतिम सोमवार शिवभक्ति और श्रद्धा का अद्वितीय संगम बन गया। रायपुर से गरियाबंद और बिलासपुर तक हजारों शिवभक्त मंदिरों में उमड़ पड़े। रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर नाथ मंदिर में इस बार विशेष श्रृंगार खाटू श्याम स्वरूप में किया गया। यहां भक्तों ने घंटों कतार में लगकर दर्शन किए और जलाभिषेक किया। दूसरी ओर, गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह 4 बजे से ही जुटने लगी। यहां का 80 फीट ऊंचा और हर साल बढ़ने वाला शिवलिंग भक्तों के लिए चमत्कारी माना जाता है।यहां श्रद्धालुओं के लिए आज शाम को आकर्षक लेजर शो और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है।

बिलासपुर के रतनपुर में बूढ़ा महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने यहां पहुंचकर विशेष पूजा की और प्रसाद वितरित किया। भैरव मंदिर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक की विशेष श्रृंखला चली। पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंजता रहा। यह सावन सोमवार न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि आत्मिक ऊर्जा से भी भरपूर रहा, जिसमें लाखों भक्त शिवचरणों में लीन नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *