छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार के भाई का कंकाल 30 जुलाई को जंगल में मिला।जयपाल सिंह सिदार 7 जुलाई को बेटे को स्कूल छोड़ने निकले थे, लेकिन फिर कभी घर नहीं लौटे। परिजनों ने जब खोजबीन की, तब भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उनका मोबाइल लोकेशन जशपुर में आखिरी बार मिला था। इस बीच 21 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। 30 जुलाई को सिसरिंगा जंगल में मंदिर के पास एक सड़ी-गली लाश मिलने की सूचना मिली, जो पूरी तरह कंकाल में बदल चुकी थी।
परिजनों की मदद से पहचान हुई कि वह शव जयपाल सिंह सिदार का ही है। शरीर पर हाफ शर्ट और ब्लू जींस मिला था।पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई है और 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।संभावना जताई जा रही है कि यह कॉन्ट्रैक्ट किलिंग हो सकती है। एक संदिग्ध की निशानदेही पर शव बरामद हुआ है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम के अनुसार, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी।