गरियाबंद जिले के चिंगरापगार और गजपल्ला वाटरफॉल इन दिनों प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ खतरनाक हरकतों को लेकर चर्चा में हैं। बारिश के कारण वाटरफॉल का बहाव तेज हो गया है, लेकिन यहां पहुंचने वाले युवा रोमांच के नाम पर जानलेवा जोखिम उठा रहे हैं।
चिंगरापगार वाटरफॉल से सामने आए वीडियो में एक युवक ‘बाहुबली’ स्टाइल में पेड़ की जटा से लटकता नजर आया। युवक नीचे फिसलन भरी चट्टानों के बीच उतरने की कोशिश करता है, जिससे वहां बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर न तो कोई सुरक्षा बल तैनात था और न ही प्रशासनिक निगरानी दिखी, जिससे सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है, जिन पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं गजपल्ला वाटरफॉल में भी नाबालिग और युवक 70–80 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर जोखिम उठा रहे हैं।
यह इलाका गरियाबंद रेंज के कुईया मूड़ा बिट में स्थित है, जहां लगातार स्टंट वीडियो वायरल हो रहे हैं। प्रशासन को चाहिए कि इन पर्यटन स्थलों पर सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय लागू करे, ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो।