राजनांदगांव में शादी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर नाईजीरियन ने युवती से 15 लाख ठगे, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार।
राजनांदगांव में शादी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर एक नाईजीरियन ने युवती से 15,72,000 रुपए ठग लिए। इस मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर अन्य महिलाओं को ठगे जाने से बचाया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने डोंगरगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी ने शादी डॉट कॉम पर आलोक देशपांडे के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई। उसने खुद को यूनाइटेड किंगडम में कार्यरत बताते हुए जल्द भारत लौटकर शादी करने की बात कही।
11 जुलाई 2024 को महिला को एक अज्ञात महिला का फोन आया। उसने बताया कि आलोक देशपांडे विदेशी मुद्रा के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे हैं और मुद्रा एक्सचेंज के लिए फीस जमा करनी होगी। कथित आलोक देशपांडे ने महिला को कॉल कर इमोशनल ब्लैकमेल करते हुए बैंक खातों में पैसे जमा करवाए।
सायबर सेल की जांच में आरोपी का लोकेशन दिल्ली पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन में डोंगरगांव थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। आरोपी नाईजीरियन जॉनसन सैमुअल को दिल्ली के तिलकनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला कि आरोपी एक भारतीय महिला सहयोगी के साथ मिलकर ठगी करता था। महिला आरोपी को फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराती थी और कमीशन लेती थी। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया है।