छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच मिलने जा रहा है। बिलासपुर के बहतराई स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में 4 और 5 दिसंबर को राज्य युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश के सभी 33 जिलों से लगभग 3 हजार युवा हिस्सा लेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में पारंपरिक कला से लेकर आधुनिक रचनात्मक गतिविधियों तक युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
33 जिलों के युवाओं की होगी सहभागिता
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, निबंध लेखन और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग और पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
राज्य युवा महोत्सव का उद्घाटन और समापन समारोह आउटडोर स्टेडियम में प्रस्तावित है। दोनों कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
खेल संचालक ने तैयारियों का किया निरीक्षण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य मंच, अतिथियों और कलाकारों के लिए बनाए जा रहे ग्रीन रूम सहित विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया।
संचालक ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 30 नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन निर्धारित समय पर सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
अलग-अलग स्थानों पर होंगी सांस्कृतिक गतिविधियां
महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए आयोजन स्थल पर अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।
- आउटडोर स्टेडियम में उद्घाटन, समापन समारोह और सांस्कृतिक संध्या
- इंडोर स्टेडियम में लोकगीत और चित्रकला
- कबड्डी हॉल में नुक्कड़ नाटक
- अतिरिक्त डोम में यंग लीडर्स डायलॉग और पीपीटी प्रस्तुतियां
- प्रशासनिक भवन में निबंध लेखन और पारंपरिक वेशभूषा
- निर्माणाधीन तीरंदाजी मैदान में रॉक बैंड प्रस्तुति
राज्य युवा महोत्सव में युवाओं को अपनी प्रतिभा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतिभागियों के ठहरने और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए शहर के अलग-अलग हॉस्टलों को आरक्षित करने और आवास की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। भोजन की व्यवस्था तीरंदाजी मैदान में की जाएगी।
आयोजन स्थल पर पर्याप्त रोशनी, महिला प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल, चिकित्सा सुविधा और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय आवागमन के लिए परिवहन विभाग के माध्यम से छह बसें उपलब्ध कराने की योजना है।
इसके अलावा प्रतिभागियों और दर्शकों के मनोरंजन के लिए चौपाटी तथा झूलों की व्यवस्था भी की जा रही है। बिलासपुर नगर निगम के सहयोग से इन सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
1 दिसंबर को जिलों को दी जाएगी आयोजन संबंधी जानकारी
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 1 दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों को प्रतिभागियों के आवास, भोजन और आयोजन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य युवा महोत्सव के आयोजन से छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सिविल सेवा एथलेटिक्स चयन ट्रायल, खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा