छत्तीसगढ़ जनदर्शन: CM विष्णुदेव साय ने जरूरतमंदों को दी तत्काल सहायता

छत्तीसगढ़ जनदर्शन

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 26 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों और बुजुर्गों के उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

छत्तीसगढ़ जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी आर्थिक, पारिवारिक, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी परेशानियों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कई जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहत मिली। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

83 वर्षीय परसराम राठौर को 30 साल बाद सुनाई देने लगी साफ आवाज

जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने बेटे के साथ पहुंचे थे। वे पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से परेशान थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि कम सुनाई देने के कारण उन्हें बातचीत करने और रोजमर्रा के कामकाज में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उनकी समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया। इसके अलावा जब मुख्यमंत्री को उनकी आंखों की परेशानी के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आंखों की जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इसी कार्यक्रम में भाटापारा निवासी बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।

पिता के कैंसर के इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, फरहीन की पढ़ाई में मिलेगी मदद

जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची फरहीन ने मुख्यमंत्री को अपने परिवार की आर्थिक परेशानियों के बारे में बताया।

फरहीन के पिता वर्ष 2018 से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद परिवार की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई तथा घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई।

ऐसी परिस्थितियों में फरहीन के लिए अपनी पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो रहा था।

मुख्यमंत्री ने फरहीन की पूरी बात ध्यानपूर्वक सुनी और उसे हिम्मत बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पढ़ाई जारी रखने की सलाह देते हुए हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

तीन वर्षीय पार्थ साहू के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश

राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंचीं पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री को बच्चे की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को लगभग दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। वर्तमान में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है।

डॉक्टरों ने पार्थ को मोतियाबिंद की समस्या बताई है। उसकी आंखों में लेंस प्रत्यारोपण कराने के लिए लाखों रुपये का खर्च बताया गया है, जिसे वहन करना परिवार के लिए मुश्किल है।

मां की परेशानी समझते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छह वर्षीय छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मिलेगी सहायता

रायपुर के आमानाका क्षेत्र स्थित कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई कोटांगले के साथ जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगी।

अमित ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपने बड़े बेटे का ऑपरेशन कराया था, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है।

हालांकि, पैसों की कमी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे थे। पत्नी के निधन के बाद वे अपनी बुजुर्ग मां और बहन की मदद से बच्चों की परवरिश कर रहे हैं।

परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छयांश के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में मिले आवेदनों का जल्द होगा निराकरण

छत्तीसगढ़ जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस कार्यक्रम में बुजुर्गों के स्वास्थ्य, बच्चों के इलाज, जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

यह भी पढ़े:  छत्तीसगढ़ धरोहर पोर्टल शुरू, अब ऑनलाइन होगी जमीन रजिस्ट्री की प्रक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *