ठंड के मौसम में मूंगफली और गुड़ खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इन दोनों की तासीर गर्म होती है, जिससे शरीर को गर्माहट मिलती है। वैसे तो मूंगफली और गुड़ से बनी चिक्की हम सभी खाते हैं, लेकिन आज हम आपको गुड़ और मूंगफली से बनी बर्फी बनाने की रेसिपी बताएंगे, जो स्वाद में तो लाजवाब होती है ही, साथ ही इसे बनाना भी बहुत आसान है।
सामग्री:
- मूंगफली – 2 कप (भूनी हुई)
- गुड़ – 1 कप
- घी – 2-3 टेबल स्पून
- दूध – 1/2 कप
- इलायची पाउडर – 1/4 चम्मच
- कटे हुए बादाम और काजू (गार्निश के लिए)
विधि:
- सबसे पहले मूंगफली को अच्छे से भून लें। फिर इसे मिक्सर में डालकर बारीक से पीस लें, लेकिन इसे बहुत बारीक न पीसें, थोड़ा दरदरा रखें।
- अब एक पैन में गुड़ और दूध डालकर मध्यम आंच पर गरम करें। जब गुड़ पूरी तरह से पिघल जाए, तो उसमें मूंगफली का पाउडर डालें। ध्यान रखें कि गुड़ को पिघलाने के दौरान इसे लगातार चलाते रहें।
- फिर इस मिश्रण में घी डालें और इसे अच्छे से मिला लें। अब इस मिश्रण को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ा न हो जाए। फिर गैस बंद कर दें और मिश्रण में इलायची पाउडर डालें।
- अब एक प्लेट या बर्फी ट्रे में देसी घी लगाकर चिकना कर लें। फिर इस मिश्रण को थाली में फैला कर चम्मच से चिकना कर लें।
- इसके बाद ऊपर से कटे हुए बादाम और काजू से गार्निश करें। अब बर्फी को पूरी तरह से ठंडा होने दें और फिर इसे मनचाहे आकार में काट लें।