सरगुजा संभाग ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य का पहला संभागीय पोर्टल लॉन्च किया है। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा द्वारा शुरू की गई यह वेबसाइट नागरिकों, पर्यटकों और विभिन्न हितधारकों के लिए एकीकृत डिजिटल मंच का कार्य करेगी। इस पहल से प्रशासनिक जानकारी और सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले से अधिक आसान होगी। राज्य में पहली बार किसी संभाग को अपनी स्वतंत्र डिजिटल पहचान मिली है।
आधुनिक तकनीक से लैस है वेबसाइट
नवीन संभागीय पोर्टल को राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित किया गया है। यह केंद्र सरकार के सुरक्षित S3WaaS प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जो उच्च स्तरीय साइबर सुरक्षा और बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव सुनिश्चित करता है। वेबसाइट को मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर सहित सभी उपकरणों पर सुचारू रूप से चलने के लिए डिजाइन किया गया है। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध यह प्लेटफॉर्म हर वर्ग के उपयोगकर्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगा।
एक ही मंच पर मिलेगी जरूरी जानकारी
इस संभागीय पोर्टल के माध्यम से सरगुजा संभाग के इतिहास, प्रशासनिक ढांचे, अधिकारियों की जानकारी और जिलों से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नागरिकों को बी-1, पी-11, नामांतरण और राजस्व न्यायालय से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं तक भी सीधी पहुंच मिलेगी। इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम होंगे और सेवाओं का लाभ अधिक पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।
पर्यटन और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को भी संभागीय पोर्टल में प्रमुखता से शामिल किया गया है। इससे देश और विदेश के पर्यटक क्षेत्र की विशेषताओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। स्थानीय संस्कृति, पर्व-त्योहार और विरासत को डिजिटल मंच मिलने से पर्यटन विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
नागरिक सहभागिता को मिलेगा नया मंच
वेबसाइट में फीडबैक फॉर्म, फोटो गैलरी, वीडियो गैलरी और मीडिया कॉर्नर जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यह संभागीय पोर्टल प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत बनाएगा। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने विश्वास जताया कि यह पहल डिजिटल सुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह भी पढ़ें:
FIFA World Cup WAGS में मेसी रोनाल्डो की पार्टनर चर्चा
डॉक्यूमेंट्री फिल्में जागरूकता का प्रभावी माध्यम: राज्यपाल डेका
9,580 करोड़ निवेश से छत्तीसगढ़ में 7,800 रोजगार अवसर