मुंबई, 10 नवंबर 2025:
हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और ही-मैन के नाम से प्रसिद्ध धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 89 वर्षीय धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है, वहीं फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
धर्मेंद्र की बिगड़ी तबीयत
रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेंद्र की तबीयत में हाल ही में गिरावट आई थी। वे पिछले कुछ महीनों से रूटीन हेल्थ चेकअप करवाते आ रहे हैं। करीब दस दिन पहले भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उनकी टीम ने जानकारी दी थी कि यह सिर्फ नियमित स्वास्थ्य जांच का हिस्सा है और चिंता की कोई बात नहीं है।
हेमा मालिनी ने दी थी हेल्थ अपडेट
कुछ दिन पहले जब फोटोग्राफर्स ने धर्मेंद्र की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि “अब धर्मेंद्र पहले से बेहतर हैं।” इस जवाब से फैंस को थोड़ी राहत मिली थी।
अमेरिका में भी करवाया था इलाज
धर्मेंद्र इससे पहले भी कई बार हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। अपनी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने वाले धर्मेंद्र कुछ समय पहले इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे।
धर्मेंद्र का शानदार फिल्मी करियर
अपने छह दशकों के करियर में धर्मेंद्र ने एक्शन, रोमांस और कॉमेडी की कई यादगार फिल्में दी हैं। उन्हें “हिंदी सिनेमा का ही-मैन” कहा जाता है।
उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में शोले (1975), प्रतिज्ञा (1975), चुपके चुपके (1975), यमला पगला दीवाना (2011), लाइफ इन ए मेट्रो (2007) और अपने (2007) जैसी फिल्में शामिल हैं।
साल 2023 में धर्मेंद्र ‘रॉकी रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे, जहां उनके शबाना आज़मी के साथ एक सीन ने खूब सुर्खियां बटोरीं। वहीं साल 2025 में उनकी नई फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज होने वाली है।
फिलहाल पूरा बॉलीवुड और उनके फैंस “ही-मैन” धर्मेंद्र की जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।