भिंड में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में भ्रष्टाचार

भिंड में महिलाओं ने लाड़ली बहना योजना के पैसे न मिलने की शिकायत की।

भिंड में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला। दो महीने से महिलाओं के खातों में राशि नहीं, तकनीकी खराबी और प्रशासन की लापरवाही उजागर।

भिंड। मध्य प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण की एक महत्वपूर्ण योजना, मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना, भ्रष्टाचार का शिकार हो गई है। भिंड जिले में सैकड़ों महिलाओं के खातों में पिछले दो महीनों से योजना की किस्त नहीं पहुंची है। इससे परेशान महिलाएं अधिकारियों और बैंकों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की लभार्थी सरसई गांव की कंचन देवी, जो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, ने महिला बाल विकास अधिकारी को शिकायत की कि उनके खाते में दो महीने से योजना की राशि नहीं आई है। इसी तरह फूप वार्ड क्रमांक 8 की संतोषी देवी ने भी आवेदन दिया। यह समस्या केवल कुछ महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सैकड़ों महिलाएं इससे प्रभावित हैं।

इस पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि “भिंड जिला भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। सरकार की योजनाओं में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। लाड़ली बहनाओं की राशि स्टूडेंट्स के खातों में जा रही है। मुख्यमंत्री को दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर राम सोलंकी ने तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि कुछ खातों की राशि गलती से अन्य खातों में ट्रांसफर हो गई। संबंधित खातों को फ्रीज कर दिया गया है।

भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। प्रभावित महिलाओं को जल्द समाधान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *